रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुण्डरदेही में 233 करोड़ रुपये की लागत से 103 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹163.88 करोड़ की लागत से 61 कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹69.82 करोड़ की लागत से 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गुण्डरदेही में एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ तथा नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों हेतु ₹1-1 करोड़ की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जिन विकास कार्यों का आज शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है, वे केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के लिए विकास और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि ₹1 करोड़ की लागत से बनने वाले व्यावसायिक परिसरों से युवाओं को स्वरोजगार और व्यापार के अवसर मिलेंगे, वहीं सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों से आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, तेंदूपत्ता संग्राहकों को उच्चतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है तथा चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ कर आदिवासी श्रमिकों को राहत पहुंचाई जा रही है। वनोपज के मूल्य संवर्धन से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से आमजन को देश की संस्कृति और विरासत से जोड़ा जा रहा है। प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति लौट रही है और बस्तर अंचल में विकास की नई रोशनी फैल रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी रजत जयंती मना रहा है और इस अवसर पर रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की विशेष सौगात है, जहां आदिवासी नायकों की गौरवगाथा संजोई गई है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बस्तर, जो कभी नक्सल हिंसा के लिए जाना जाता था, अब शांति, प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों द्वारा मुख्यमंत्री श्री साय का लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए। कलेक्टर सुश्री दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने स्वागत उद्बोधन में नगर की विकास आवश्यकताओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

