कोरबा। कोरबा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मदनपुर के पास पुल से नीचे जा गिरी। कार के नीचे गिरते ही उसमें आग लग गई, जिससे उसमें सवार दोनों व्यक्ति बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक बिलासपुर से विश्रामपुर स्थित तातापानी महोत्सव में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन बीच रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मोरगा चौकी क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय गोपाल चंद्र डे और 36 वर्षीय अरुण सेन के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के तोरवा थाना अंतर्गत देवरीखुर्द के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों मंगलवार शाम को कार से बिलासपुर से निकले थे।
आज तड़के मदनपुर के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो और मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
मोरगा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार के कारण वाहन का अनियंत्रित होना मानी जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

