रायपुर। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में रायपुर में एक दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया। यह पदयात्रा माता कौशल्या धाम, चंदखुरी से प्रारंभ होकर पुराने विधानसभा तक निकाली गई। पदयात्रा से पहले चंदखुरी में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए गए बदलावों को मजदूर और गरीब विरोधी बताया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार मजदूरों से उनका रोजगार छीनना चाहती है। मनरेगा बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि “सुधार” के नाम पर लोकसभा में एक और बिल पास कर दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश की जा रही है।
दीपक बैज ने कहा कि मनरेगा एक केंद्रीय कानून था, जिसमें 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जाती थी, लेकिन नए प्रावधानों के तहत केंद्र और राज्य का हिस्सा 60:40 कर दिया गया है। साथ ही, अब पहले राज्य को 50 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, तभी केंद्र सरकार अपना अंश जारी करेगी। उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों की वित्तीय स्थिति कमजोर है, ऐसे में यह व्यवस्था मनरेगा को समाप्त करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा अब तक संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिलने वाले काम के अधिकार से जुड़ी गारंटी थी, लेकिन नया फ्रेमवर्क इसे शर्तों वाली और केंद्र नियंत्रित योजना में बदल देता है। नए सिस्टम के तहत हर साल तय अवधि में जबरन रोजगार रोके जाने का प्रावधान किया गया है, जिससे यह सरकार तय करेगी कि गरीब कब काम करेगा और कब भूखा रहेगा।
जनसभा में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि यह बदलाव सीधे तौर पर ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग के हितों पर हमला है।
पदयात्रा के प्रारंभ से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माता कौशल्या मंदिर में दर्शन और पूजन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन पदयात्रा में शामिल हुए।
इस अवसर पर पूर्व सांसद छाया वर्मा, रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

