नई दिल्ली। अगर आप हाईवे पर सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। केंद्र सरकार ने देशभर के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। 1 अप्रैल से सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स केवल FASTag या UPI के माध्यम से ही लिया जाएगा। कैश लेकर टोल प्लाजा पहुंचने वाले वाहनों को एंट्री नहीं मिलेगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने बताया कि देश तेजी से डिजिटल भुगतान प्रणाली की ओर बढ़ रहा है। पहले FASTag और फिर UPI आधारित टोल भुगतान की सुविधा शुरू की गई थी, जिसे यात्रियों ने अपनाया। अब इस व्यवस्था को और मजबूत करते हुए टोल प्लाजा पर कैश भुगतान पूरी तरह बंद किया जा रहा है।
इस फैसले के बाद देश के सभी टोल प्लाजा पर कैश लेन पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी। अभी कई जगह FASTag होने के बावजूद लोग कैश लेन का इस्तेमाल करते हैं, जिससे खासकर त्योहारों और भीड़ के समय लंबा जाम लग जाता है। कैश लेन बंद होने से टोल वसूली तेज होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी।
यह निर्णय आने वाले समय में बिना बैरियर वाले टोल सिस्टम की तैयारी का हिस्सा भी माना जा रहा है। सरकार जल्द ही ऐसा सिस्टम लागू करने की योजना पर काम कर रही है, जिसमें टोल प्लाजा पर बैरियर नहीं होंगे और वाहन बिना रुके निकल सकेंगे। टोल राशि अपने आप FASTag के जरिए कट जाएगी।
सरकार इस नई तकनीक को पहले देश के 25 टोल प्लाजाओं पर ट्रायल के तौर पर लागू करेगी। यहां यात्रियों के अनुभव और सिस्टम की तकनीकी जांच की जाएगी। ट्रायल सफल रहने पर इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। इससे सफर का समय घटेगा, जाम कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
सरकार ने यात्रियों से अपील की है कि 1 अप्रैल से पहले अपना FASTag सक्रिय रखें और उसमें पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित करें। UPI से भुगतान करने वाले लोग भी पहले से तैयारी कर लें। यह फैसला सड़क यात्रा को अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


