नई दिल्ली। बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिली है। गैंग की ओर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। पैसे नहीं देने पर बी प्राक को “मिट्टी में मिला देने” की चेतावनी दी गई है।
यह धमकी बी प्राक के दोस्त और पंजाबी सिंगर दिलनूर को विदेशी नंबरों से कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए भेजी गई। कॉल करने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया, जो लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है और फिलहाल विदेश में छिपा हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 5 जनवरी को दिलनूर के मोबाइल पर दो मिस्ड कॉल आए थे, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। अगले दिन 6 जनवरी की दोपहर को फिर कॉल आया। दिलनूर ने फोन उठाया, लेकिन बातचीत संदिग्ध लगने पर कॉल काट दी। इसके तुरंत बाद एक वॉइस मैसेज भेजा गया, जिसमें 10 करोड़ रुपये की फिरौती और एक हफ्ते का समय दिया गया।
धमकी मिलने के बाद दिलनूर ने तुरंत मोहाली एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कॉल किस देश से की गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बी प्राक पंजाबी और बॉलीवुड संगीत जगत का जाना-माना नाम हैं। उनके लोकप्रिय गीत ‘तेरी मिट्टी’ समेत कई गानों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई है। इस धमकी के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में दहशत का माहौल है। पुलिस इस मामले को गैंग की पुरानी धमकी और फिरौती की रणनीति से जोड़कर देख रही है। हाल के दिनों में दिल्ली के रोहिणी, पश्चिम विहार और पूर्वी दिल्ली में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

