रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साहित्य उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन के मुक्तांगन परिसर में साहित्य महोत्सव आयोजित किया जाएगा। साहित्य उत्सव की शुरुआत से पहले ही राजधानीवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, साहित्य उत्सव के दौरान आम नागरिकों, साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निःशुल्क बस सेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से शहरवासियों को उत्सव स्थल तक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।
तीन दिनों तक चलेगी फ्री बस सर्विस
यह निःशुल्क बस सेवा 23, 24 और 25 जनवरी 2026 को लगातार तीन दिनों तक संचालित की जाएगी। इन तीनों दिनों में बसों का संचालन पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि आमजन बिना किसी अतिरिक्त खर्च के रायपुर साहित्य उत्सव में शामिल हो सकें। यह सुविधा विशेष रूप से विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और साहित्य प्रेमियों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, लगभग 15 बसें इस निःशुल्क सेवा के अंतर्गत चलाई जाएंगी। ये बसें पुराने रायपुर से नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन तक संचालित होंगी। सभी बसों में साहित्य उत्सव की विशेष ब्रांडिंग की गई है। बसों की संख्या इस तरह तय की गई है कि भीड़भाड़ के समय भी आवागमन सुचारु बना रहे।
6 प्रमुख रूट किए गए तय
राजधानी के अधिकतर इलाकों को इस निःशुल्क बस सेवा से जोड़ने के लिए शहर के 6 प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं। इन रूटों के माध्यम से रायपुर के विभिन्न हिस्सों से लोगों को सीधे साहित्य उत्सव स्थल तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। सभी बसें पुराने रायपुर क्षेत्र से चलकर पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर स्थित रायपुर साहित्य उत्सव स्थल तक जाएंगी।
जल्द जारी होगी समय सारणी
फिलहाल बसों की समय सारणी जारी नहीं की गई है, लेकिन प्रशासन द्वारा जल्द ही विस्तृत टाइम टेबल जारी किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बस सेवा समयबद्ध, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।

