बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा क्षेत्र से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। भाटापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बकुलाही इलाके में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 6 मजदूरों की मौत की सूचना मिल रही है। वहीं हादसे के बाद प्लांट के मलबे में कुछ अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब प्लांट में रोज की तरह कामकाज शुरू हो चुका था। इसी दौरान प्लांट के एक हिस्से में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट की एक यूनिट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर मलबे का ढेर लग गया।
इस भीषण हादसे में 6 से अधिक लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि करीब आधा दर्जन मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। विस्फोट के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाने का काम जारी है, ताकि अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला जा सके। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण प्लांट में लगे बॉयलर के फटने को माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
अब यह देखना होगा कि जांच में हादसे के वास्तविक कारण क्या सामने आते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

