रायपुर। जिले की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सामने आई गंभीर विसंगतियों ने चुनावी व्यवस्था में वर्षों से चली आ रही लापरवाही को उजागर कर दिया है। मतदाता सूची में कहीं दादा की उम्र पिता से कम दर्ज है तो कहीं बेटे की उम्र पिता से अधिक पाई गई है, जिससे मतदाता डेटा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इन गड़बड़ियों के बीच जिले की सात विधानसभा सीटों में अब तक 5 लाख 28 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। दावा–आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
पिता के नाम और उम्र में भारी गड़बड़ी
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि करीब 2 लाख 15 हजार मतदाताओं के पिता के नाम और उम्र मतदाता सूची में दर्ज विवरण से मेल नहीं खाते। वहीं 6,040 मामलों में मतदाताओं की उम्र आधार कार्ड और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों से अलग पाई गई है।
57,709 मामलों में पिता का नाम गलत
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 57,709 मामलों में पिता का नाम गलत दर्ज पाया गया। इसके अलावा यहां माता–पिता की उम्र में 10,466, मतदाता की उम्र में 2,181 और दादा–दादी की उम्र में 2,038 मामलों में अंतर सामने आया है।
अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में त्रुटियां दर्ज की गईं। रायपुर पश्चिम में 40,350, रायपुर उत्तर में 26,448, रायपुर दक्षिण में 45,867, धरसींवा में 58,858, आरंग में 61,431 और अभनपुर में 61,236 मामलों में मतदाता विवरण गलत पाया गया।
फार्म के जरिए हुए आवेदन, लेकिन नाम कटे ज्यादा
मतदाता सूची संशोधन के दौरान फार्म-6 के माध्यम से 16,590 नए नाम जोड़े गए, फार्म-7 के तहत 709 नाम हटाने के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि फार्म-8 के जरिए 6,968 प्रविष्टियों में सुधार कराया गया। इस तरह कुल 24,267 आवेदन मिले, जबकि 5,11,136 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
22 जनवरी तक ली गई दावा–आपत्ति
चुनाव विभाग के अनुसार 22 जनवरी तक दावा–आपत्ति ली गई। 14 फरवरी तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर पुनः अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
रायपुर ग्रामीण में सबसे ज्यादा नाम कटे
विधानसभावार आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर ग्रामीण में सर्वाधिक 1,34,252 नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि यहां से केवल 3,215 आवेदन प्राप्त हुए। रायपुर दक्षिण में 89,240, रायपुर उत्तर में 74,146, धरसींवा में 37,632, आरंग में 39,702 और अभनपुर में 20,793 नाम सूची से हटाए गए हैं।

