रायपुर। एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबी-जी राम जी योजना को लेकर विरोध कर रही कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम केवल विरोध करना रह गया है, जबकि गरीब, मजदूर और किसानों के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं किसी वरदान से कम नहीं हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस में काका और बाबा के बीच लड़ाई होती थी, अब पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच संघर्ष चल रहा है, जिसका खामियाजा कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाएं जमीन पर असर दिखा रही हैं और ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हर एक रुपये का उपयोग गांव के विकास में किया जाएगा। विकसित भारत ग्राम योजना (वीबी-जी राम जी) के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर विकास की योजना तैयार होगी, जिससे गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने पर विशेष फोकस रहेगा।
किसानों और युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री दुर्ग जिले के लिए रवाना हुए, जहां वे किसान मेले में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत वे ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का भ्रमण करेंगे और पौधरोपण भी करेंगे। इसके अलावा राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय में 31 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कृषि मंत्री राम विचार नेताम के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे किसानों से सीधे संवाद करने छत्तीसगढ़ आए हैं। वे किसानों के बीच जाकर प्रगतिशील खेती के प्रयोगों को देखेंगे और दुर्ग जिले में खेतों में जाकर किसानों से चर्चा करेंगे। इसके साथ ही किसान मेले में भाग लेंगे और ‘यंग लीडर’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली गए युवाओं से भी संवाद करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के साथ बैठक कर कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा होगी। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ की कृषि कार्ययोजना तैयार करेंगी, ताकि भारत सरकार की योजनाओं को राज्य में और बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में उल्लेखनीय कार्य हुआ है और अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनका निर्माण कार्य जारी है।
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया
इतिहास में पहली बार रविवार को पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा और देश के विकास को नई गति देगा।

