नई दिल्ली। आज 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाना है, लेकिन बजट से पहले ही एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 फरवरी 2026 से एलपीजी सिलेंडर के नए रेट जारी कर दिए हैं। इस बार कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को दिल्ली से लेकर पटना तक करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी का सामना करना पड़ा है। राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1691.50 रुपये की जगह 1740.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये हो गई है।
मुंबई में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये कर दी गई है। वहीं चेन्नई में अब 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 1849.50 रुपये की जगह 1899.50 रुपये में उपलब्ध होगा। इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 853 रुपये में मिल रहा है। पटना में इसकी कीमत 951 रुपये दर्ज की गई है।
मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 852.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये में उपलब्ध है। वहीं कारगिल में इसकी कीमत 985.5 रुपये, पुलवामा में 969 रुपये और बागेश्वर में 890.5 रुपये है। 1 फरवरी को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
बजट डे पर एलपीजी कीमतों का ट्रेंड
अगर पिछले कुछ वर्षों के बजट डे के ट्रेंड पर नजर डालें, तो इंडियन ऑयल के आंकड़ों के मुताबिक बीते 5 सालों में बजट के दिन घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला है।
साल 2022 में बजट डे पर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली थी। उस दिन दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 91.50 रुपये, कोलकाता में 89 रुपये, मुंबई में 91.50 रुपये और चेन्नई में 91 रुपये सस्ता हुआ था।
2023 में बजट के दिन न तो घरेलू और न ही कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव किया गया। 2024 में घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहे, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर 18 रुपये तक महंगा हुआ।
2025 में मामूली राहत
साल 2025 के बजट डे पर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को बेहद मामूली राहत मिली थी। उस दिन सिलेंडर के दाम सिर्फ 6.50 रुपये घटाए गए थे, जिसे ऊंट के मुंह में जीरा जैसी राहत माना गया।

