रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य को हर क्षेत्र में और आगे ले जाना है तथा छत्तीसगढ़ को एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह की राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य रूप लेता जा रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर गहरा और व्यापक प्रभाव है, इसी कारण यहां के लोग स्वभाव से शांतिप्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित रहे हैं और उनके गृह ग्राम बगिया में भी 8 से 10 कबीरपंथी परिवार निवासरत हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर किए जाने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में राजपत्र में प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही इसे औपचारिक रूप से पूर्ण किया जाएगा।


