रायपुर। रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री की तार फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि पहले फैक्ट्री के भीतर जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की ऊंची लपटें और घना धुआं उठता देख फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। सभी कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
फैक्ट्री परिसर में तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही। इसी वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी और फोम का इस्तेमाल किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। आसपास की आवाजाही को नियंत्रित कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्ट्री को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद दमकल और पुलिस विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

