कोरबा। कोरबा जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। पहले कबाड़ चोरी की वारदातों ने पुलिस को खुली चुनौती दी थी, अब शातिर चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है, जहां एसबीआई के चीफ मैनेजर के सूने मकान से चोरों ने करीब 5 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी चोरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक यह चोरी की वारदात कोतवाली थाना अंतर्गत मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। दादर खुर्द मार्ग पर स्थित यह मकान एसईसीएल कर्मी नवनीत नाथ का है, जिसे उन्होंने एसबीआई के चीफ मैनेजर राजू मोदी को किराए पर दे रखा है। शुक्रवार सुबह राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे।
देर रात करीब 1 बजे जब वे परिवार सहित वापस लौटे और घर का ताला खोलकर अंदर पहुंचे, तो घर का नजारा देख सन्न रह गए। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई मिली। चोरी की आशंका होते ही उन्होंने तत्काल डायल 112 और मानिकपुर पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पीड़ित राजू मोदी ने पुलिस को बताया कि घर में करीब 20 हजार रुपये नकद और लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान मौजूद था, लेकिन चोरों ने उन्हें हाथ तक नहीं लगाया। शातिर चोरों ने केवल अलमारी तोड़कर उसमें रखे लगभग 5 लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी किए।
चोरी गए जेवरात में चार सोने की चेन, एक लॉकेट, अंगूठी और टॉप शामिल हैं। पुलिस को मौके से सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर एक शातिर चोर दीवार फांदकर मकान में प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है।
परिवार के घर पहुंचने से करीब दो घंटे पहले ही चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस शातिर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।


