पंचमहल जिले से एक बेहद चौंकाने और निंदनीय मामला सामने आया है, जहां 12वीं कक्षा की प्रारंभिक परीक्षा के दौरान देर से पहुंचने पर मामूली फटकार से नाराज एक छात्र ने कथित तौर पर महिला पर्यवेक्षक को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि शिक्षिका द्वारा सवाल पूछे जाने से छात्र इतना उग्र हो गया कि उसने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि बाद में धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना 24 जनवरी को पंचमहल जिले के शेहरा कस्बे स्थित एस.जे. दवे हाई स्कूल में हुई। छात्र 12वीं कक्षा की दूसरी प्रारंभिक परीक्षा में देरी से पहुंचा था। जब महिला निरीक्षक ने उससे देर से आने का कारण पूछा, तो उसने अभद्र भाषा में जवाब देते हुए कहा कि घर पर उससे कोई सवाल नहीं करता, तो वह कौन होती हैं पूछने वाली।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान छात्र ने गुस्से में आकर महिला शिक्षिका को थप्पड़ मार दिया और उन्हें धक्का देकर कक्षा से बाहर निकल गया। पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
पुलिस निरीक्षक अंकुर चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी 18 वर्षीय छात्र को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब 27 जनवरी को आरोपी छात्र अपने पिता और 15 से 20 अन्य लोगों के साथ दोबारा स्कूल पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला शिक्षिका को धमकाते हुए कहा कि वह कस्बे में अकेली रहती हैं और उनके लिए यह ठीक नहीं होगा। हालांकि छात्र का दावा है कि वह अपने साथियों के साथ शिक्षिका और स्कूल स्टाफ से माफी मांगने गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पिता ने घटना के दिन ही शिक्षिका और प्रभारी प्राचार्य से माफी भी मांगी थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

