दंतेवाड़ा जिले से एक बार फिर बड़ी और विवादित खबर सामने आई है। भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम के खिलाफ पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला भांसी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सातधार चौक के पास अरविंद कुंजाम का एक ट्रक चालक और उसमें सवार लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर ट्रक रोक दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान सुकमा जिले से शासकीय कार्य के लिए दंतेवाड़ा जा रही पुलिस विभाग की एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस टीम में एक महिला कर्मचारी, दो वैज्ञानिक अधिकारी, एक कांस्टेबल और वाहन चालक शामिल थे। सड़क जाम होने के कारण पहले वाहन चालक ने हॉर्न बजाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन जब मार्ग नहीं खुला तो उसने सायरन बजाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि सायरन की आवाज सुनते ही अरविंद कुंजाम और उनके साथ मौजूद लोग भड़क गए। इसके बाद उन्होंने सरकारी वाहन को रोक लिया और एफएसएल टीम के सदस्यों के साथ विवाद करने लगे। इस दौरान शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों से अभद्रता के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

