रायपुर। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन सरकार का लक्ष्य अब राज्य को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी देश में अग्रणी बनाना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों के जरिए राज्य को आईटी, आईटीईएस और उभरती तकनीकों के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य के रूप में विकसित कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज अपने निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने और उन्हें आईटी एवं आईटीईएस जैसे क्षेत्रों में राज्य के भीतर ही विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस MoU के तहत छत्तीसगढ़ में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेड-टेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहन मिलेगा।
वहीं, अत्याधुनिक ESDD सेंटर के जरिए हर वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ को तकनीक आधारित रोजगार, निवेश और नवाचार का मजबूत केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

