रायपुर। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जितेंद्र सिंह और गौरव गोगोई के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मामला दर्ज कराया है। मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि इन नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके खिलाफ जानबूझकर झूठे और बदनाम करने वाले आरोप लगाए।
दरअसल, 4 फरवरी को असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के परिवार ने राज्य में करीब 12,000 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, जो लगभग 3,960 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है। इन आरोपों के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया।
मुख्यमंत्री सरमा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि वे इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाएंगे और दोषियों को अदालत में जवाब देना होगा।
वहीं, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री के इस कदम पर पलटवार किया है। उन्होंने X पर लिखा कि मानहानि का मुकदमा करना मुख्यमंत्री की घबराहट को दर्शाता है। गोगोई ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर भरोसा है, तो उन्हें कोर्ट में जनता के सामने सच्चाई रखनी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले ने असम से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में यह विवाद और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

