रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर से दो विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना सामने आई है। पेशी के दौरान हुई इस सनसनीखेज घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। फरार आरोपियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है, जो हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में विचाराधीन थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों को उनके संबंधित मामलों में पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। पेशी की प्रक्रिया के दौरान वे कोर्ट मोहर्रिर की अभिरक्षा में थे। इसी दौरान मौका पाकर दोनों आरोपी अचानक सुरक्षा घेरे से निकलकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस की कई टीमें शहर के संभावित ठिकानों के साथ-साथ बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी दबिश दे रही हैं।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि फरारी के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

