जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये की लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बैंक से नकदी निकालकर अपने गांव लौट रहे एक ग्रामीण को रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने रोककर नगदी से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के राहौद गांव का है। पुलिस के अनुसार ग्राम राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल ने घरेलू काम के लिए गांव के ही श्याम चंदेल से 2.50 लाख रुपये उधार लिए थे। श्याम चंदेल ने गोपेश्वर के नाम पर एसबीआई बैंक का चेक जारी किया था।
दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गोपेश्वर पामगढ़ स्थित एसबीआई बैंक से चेक के माध्यम से 2.50 लाख रुपये का आहरण करने पहुंचे। बैंक से नकदी लेने के दौरान उनकी मुलाकात परिचित मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई, जिसके साथ वे वापस राहौद लौटे।
गांव पहुंचने पर गोपेश्वर ने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल ली और नकदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर निकल गए। रास्ते में तालाब के पास सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक उनकी साइकिल रोक ली। आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर नगदी से भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाया।
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि देर शाम तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक से ही ग्रामीण की रैकी कर रहे थे। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और बड़ी रकम निकालते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

