IND vs PAK | स्पोर्ट्स डेस्क क्रिकेट फैंस जिस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार करते हैं, वह 15 फरवरी को होने जा रहा है। टी20 विश्व कप 2026 के तहत भारत और पाकिस्तान की टीमें कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह हाईवोल्टेज मुकाबला एक बार फिर रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचने की उम्मीद जगा रहा है।
श्रीलंका की पिचें इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो रही हैं। भारत और पाकिस्तान दोनों के पास मजबूत स्पिन अटैक है, ऐसे में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि टीम इंडिया के पास एक ऐसा विस्फोटक बल्लेबाज है, जो स्पिन और तेज दोनों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में खेलने की क्षमता रखता है।
यह खिलाड़ी हैं बाएं हाथ के ओपनर ईशान किशन, जो इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। कोच गौतम गंभीर, कप्तान सूर्यकुमार यादव और चयनकर्ताओं का भरोसा जीत चुके किशन पिछले कुछ मैचों में टीम इंडिया के अहम हथियार बनकर उभरे हैं।
पिछली 7 पारियों में शानदार प्रदर्शन
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद टीम में वापसी करने वाले किशन ने हालिया मुकाबलों में लगातार प्रभाव छोड़ा है। उनकी पिछली 7 पारियां 8, 76, 28, 103, 53, 20 और 61 रनों की रही हैं। इन पारियों में उनका स्ट्राइक रेट और आक्रामक अंदाज खास रहा है।
किशन क्रीज पर आते ही बड़े शॉट खेलने से नहीं हिचकते। उनका बेखौफ खेल विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बना देता है, जिससे टीम को तेज शुरुआत मिलती है।
20 गेंदों पर जड़ा अर्धशतक
टी20 विश्व कप 2026 में किशन ने अब तक दो मैचों में 81 रन बनाए हैं। अमेरिका के खिलाफ वह 20 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उन्होंने 24 गेंदों पर 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 5 छक्के व 6 चौके लगाए।
टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर
ईशान किशन ने अब तक भारत के लिए 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 29.51 की औसत से 1092 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस फॉर्मेट में 108 चौके और 59 छक्के लगा चुके हैं।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले में एक बार फिर सबकी नजर ईशान किशन पर होगी। अगर उनका बल्ला चला, तो पाकिस्तान के गेंदबाजों के लिए चुनौती और भी बड़ी हो सकती है।

