रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे।
रात्रि लगभग एक बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश की जनता को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और सभी नागरिकों का जीवन मंगलमय हो।
पूरे आयोजन में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

