बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहुदबी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन वर्ष की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ किए जाने और शव का सिर गायब मिलने की घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला कथित तंत्र क्रिया से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग तीन महीने पूर्व बीमारी के कारण तीन वर्षीय बच्ची की मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दफनाया था। बीती रात अज्ञात व्यक्ति कथित रूप से दफन स्थल पर पहुंचे और कब्र की खुदाई की।
सुबह ग्रामीणों ने कब्र के आसपास नींबू और पूजा-सामग्री जैसी वस्तुएं बिखरी देखीं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसडीएम की उपस्थिति में कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई।
खुदाई के दौरान शव के हाथ, पैर और धड़ मौजूद पाए गए, लेकिन सिर गायब था। इस खुलासे के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने कथित तांत्रिक क्रिया के उद्देश्य से यह कृत्य किया हो सकता है।
एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागड़े ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

