रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान झुमका जलाशय परिसर में ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के तहत अयोध्या धाम की यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का हाल-चाल जाना और उनके आध्यात्मिक अनुभवों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना।
श्रद्धालुओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से उन्हें निःशुल्क अयोध्या धाम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सम्मानपूर्वक यात्रा की समुचित व्यवस्था किए जाने से यह यात्रा उनके लिए अत्यंत सहज और अविस्मरणीय बन गई।
सुदूर अंचलों के लिए बड़ी पहल
श्रद्धालुओं ने साझा किया कि उनके सुदूर गांवों से अयोध्या तक पहुँचना पहले कठिन था, लेकिन सरकार की पहल से यह संभव हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘हमारे राम’ शीर्षक से एक तैलचित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री का वक्तव्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं और प्रदेशवासियों को उनके दर्शन कराना शासन के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि सुदूर अंचलों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही जनसेवा की वास्तविक संतुष्टि है, और राज्य सरकार इसी भावना के साथ कार्य कर रही है।

