बिलासपुर, 18 फरवरी 2026। शहर में मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर एक सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए हमलावरों ने फायरिंग की और ज्वेलरी शॉप संचालक के सिर पर हथियार से हमला करने के बाद ज्वेलरी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजकिशोर नगर स्थित महावीर सिटी के पास बाइक और एक कार से पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार के सामने अपनी गाड़ी अड़ाकर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने कट्टे से फायरिंग की और कार में बैठे संतोष तिवारी के सिर पर हथियार से वार कर दिया।
हमले से घायल व्यापारी के संभलने से पहले ही बदमाश कार में रखा ज्वेलरी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जिस मारूति वैन और बाइक से आरोपी पहुंचे थे, उन्हें घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सरकंडा पुलिस ने तत्काल शहर में नाकेबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फुटेज और मौके से बरामद वैन व बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
चोरी की हो सकती है वैन और बाइक
घटनास्थल पर आरोपियों द्वारा वैन और बाइक छोड़कर व्यापारी की कार से फरार होने के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि दोनों वाहन चोरी के हो सकते हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की रेकी की हो। पुलिस जब्त वाहनों के चेचिस नंबर और पंजीयन विवरण के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

