टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का अभियान लीग चरण में ही समाप्त हो गया है। मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में होने वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। लगातार बारिश के चलते मैच का टॉस भी नहीं हो सका। इस परिणाम से जिम्बाब्वे को आवश्यक अंक मिले और टीम सुपर-8 चरण में पहुंच गई।
ऑस्ट्रेलिया को एक दिन पहले श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने भी कंगारू टीम को 23 रन से हराया था। अब ऑस्ट्रेलिया का अगला मैच 20 फरवरी को ओमान से होना है, लेकिन यह मुकाबला जीतने पर भी मिचेल मार्श की अगुवाई वाली टीम अगले दौर में जगह नहीं बना सकेगी।
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। इससे पहले 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में टीम लीग चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी।
मौजूदा टूर्नामेंट में यह पहला मैच है जो बारिश के कारण रद्द हुआ। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कुल 8 मुकाबले रद्द हो चुके हैं। वर्ष 2016 में दो मैच रद्द हुए थे, जबकि 2007, 2010, 2012, 2022 और 2024 संस्करणों में एक-एक मुकाबला रद्द किया गया था।

