धमतरी। जिले के कुरूद स्थित दहदहा स्कूल में छात्रों द्वारा खुद को नुकीली वस्तु से घायल करने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। खबर प्रसारित होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय माध्यमिक शाला दहदहा में कक्षा 7वीं और 8वीं के 35 विद्यार्थियों (21 छात्र और 14 छात्राएं) ने अपने बाएं हाथ को नुकीली चीज से जख्मी किया। यह सिलसिला करीब एक महीने से चल रहा था। बच्चे एक-दूसरे को देखकर ऐसा कदम उठा रहे थे। मामला सामने आने पर शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक टीम ने स्कूल पहुंचकर जांच की और विद्यार्थियों से पूछताछ की।
जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रधानपाठक पुनीत राम साहू और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य को तीन दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। विभाग का कहना है कि समय पर निगरानी और संवेदनशीलता बरती जाती तो घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल जांच और विभागीय कार्रवाई जारी है।

