रायपुर। राजधानी के पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पानी पीने से एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया की चपेट में आ गई हैं। दो छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, विज्ञान अध्ययन केंद्र की कई छात्राएं पिछले कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी और पीलिया जैसे लक्षणों से परेशान थीं। जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया। संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए छात्रावास की कई छात्राएं एहतियातन अपने घर लौट गई हैं।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। पानी में बदबू और रंग बदलने की समस्या पहले भी सामने आई थी, लेकिन नियमित सफाई और तकनीकी जांच नहीं कराई गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था सुधारी जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

