बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने रमजान के पवित्र महीने में मुस्लिम शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने आदेश जारी कर उपवास रखने वाले कर्मचारियों को कार्यालय समय से एक घंटा पहले छुट्टी देने का निर्णय लिया है।
शासन के निर्देश के अनुसार यह सुविधा शासकीय, अर्धशासकीय और अन्य संस्थाओं में कार्यरत मुस्लिम कर्मचारियों पर लागू होगी। वे निर्धारित कार्यालय समय से एक घंटा पहले कार्यस्थल छोड़ सकेंगे।
सरकार का यह फैसला रमजान के दौरान रोजा रखने वाले कर्मचारियों को सहूलियत देने के उद्देश्य से लिया गया है। रमजान का उपवास धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और अनुशासित माना जाता है। ऐसे में कर्मचारियों को समय से पहले घर लौटने की अनुमति से उन्हें इबादत और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे संवेदनशील पहल बताया है।
