रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने के बहाने लूट की वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
प्रार्थी मनीष कुमार यदु, निवासी ग्राम सुरपा, जिला दुर्ग ने 20 फरवरी 2026 की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह मंदिर हसौद चौक से एक मोटरसाइकिल चालक के साथ लिफ्ट लेकर रायपुर की ओर आ रहा था। रास्ते में चालक ने शराब पीने की बात कही। लाखे नगर चौक पहुंचने के बाद आरोपी उसे उतारकर ईदगाहभाठा स्थित अपने ससुराल जाने की बात कहकर चला गया।
कुछ देर बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ वापस लौटा और प्रार्थी को सरोना स्थित जायका शोरूम छोड़ने का झांसा देकर दोबारा मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। रात करीब एक बजे मुकुट नगर के आगे एक सुनसान गली में मोटरसाइकिल रोक दी गई। वहां दोनों आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने चाकू पेट पर टिकाकर उसकी जेब से 10 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर आजाद चौक थाना में अपराध क्रमांक 46/25 के तहत धारा 309(4) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस ने शेख कबीर (22 वर्ष), निवासी ईदगाहभाठा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

