रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब इलाके में महिला संचालित ब्यूटी पार्लर एंड स्पा के बाहर हवाई फायरिंग की घटना से देर रात हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्पा बंद होने पर विवाद, नशे में बहस के बाद चलाई गोली
मिली जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे दो युवक कटोरा तालाब स्थित एक ब्यूटी पार्लर एंड स्पा पहुंचे। उस समय पार्लर बंद हो चुका था। संचालिका ने उन्हें बताया कि स्टाफ जा चुका है और सेवा उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद दोनों युवक स्पा कराने की जिद करने लगे।
मना करने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि एक युवक ने शराब के नशे में अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और हवाई फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की सूचना अगले दिन थाना सिविल लाइन में दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दो घंटे में दबोचे गए दोनों आरोपी
पुलिस की तत्परता के चलते दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय, उम्र 46 वर्ष, निवासी शेखपुर, प्रतापगढ़ (उत्तरप्रदेश), जो प्राइवेट पीएसओ बताया जा रहा है, तथा अंगद सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी आदर्श नगर मोवा, रायपुर, जो ड्राइवर है, के रूप में हुई है।
लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि लाइसेंसी पिस्टल का सार्वजनिक स्थान पर इस तरह उपयोग किन परिस्थितियों में किया गया।

