रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर मुकेश गुप्ता और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, गांजा और नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
मुकेश गुप्ता पर 30 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार मुकेश गुप्ता के खिलाफ अलग-अलग थानों में 30 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। वहीं उसके भाई संजू के खिलाफ भी करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
फुटकर गांजा बेचते दो आरोपी पकड़े गए, खुला नेटवर्क का राज
जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी।
आधुनिक तकनीक से लैस ठिकाने से भारी मात्रा में गांजा बरामद
हाइडआउट से करीब 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस था, ताकि पुलिस कार्रवाई से बचा जा सके।
नरेश्वर मंदिर क्षेत्र में दबिश, हथियार और नशीली गोलियां भी जब्त
इसके बाद पुलिस ने नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी। मौके से मुकेश उर्फ मुकेश बनिया और उसका भाई संजू गिरफ्तार किए गए। तलाशी में उनके पास से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम की गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, सप्लाई चेन की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।

