रायपुर। होली त्योहार को देखते हुए राजधानी रायपुर में आबकारी विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शराब दुकानों में किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए सभी प्रमुख ब्रांड की शराब का अतिरिक्त स्टॉक मंगाया जा रहा है। आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विभाग ने अतिरिक्त वाहन भी किराए पर लिए हैं।
65 करोड़ से ज्यादा बिक्री की संभावना
आबकारी विभाग के अधिकारियों को अनुमान है कि इस बार होली के अवसर पर 65 करोड़ रुपए से अधिक की शराब बिक्री हो सकती है। चूंकि होली के दिन ड्राई डे रहेगा, इसलिए उपभोक्ता पहले से ही खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों के सुपरवाइजरों से एक सप्ताह पूर्व ही अनुमानित मांग की जानकारी लेकर शनिवार से अतिरिक्त आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
देशी से ज्यादा अंग्रेजी शराब की मांग
होली के अवसर पर सामान्यतः अंग्रेजी शराब की मांग अधिक रहती है, विशेषकर मध्यम श्रेणी के चर्चित ब्रांड की। इसे ध्यान में रखते हुए दुकानों में इसी श्रेणी का स्टॉक बढ़ाया गया है। साथ ही गोवा स्टैंडर्ड ब्रांड की शराब के लिए अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था की गई है।
बार संचालकों को अतिरिक्त कोटा
सूत्रों के अनुसार, होली के दौरान बिक्री बढ़ने की संभावना को देखते हुए बार संचालकों को सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक स्टॉक उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
समय में बदलाव नहीं
इस बार उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि होली के एक दिन पूर्व शराब दुकानें अपने निर्धारित समय तक खुली रहेंगी। पूर्व में इन्हें शाम 5 बजे बंद कर दिया जाता था।
त्योहार के मद्देनजर आबकारी विभाग द्वारा की गई इन तैयारियों से शहर में आपूर्ति सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

