मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पंचायत जरहागांव के भाजपा पार्षद लोकेश उर्फ लक्की कश्यप का नाम भी शामिल है।
‘ऑपरेशन बाज’ के तहत रेड कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 1 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक श्मशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए एकत्रित हैं।
सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपए बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से:
- 6 मोबाइल फोन (लगभग ₹50,000)
- होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG 28 P 1199, लगभग ₹65,000)
- 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (लगभग ₹1,000)
जब्त की। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3.81 लाख रुपए आंकी गई है।
प्रयागराज से लाकर करते थे सप्लाई
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश के नैनी (प्रयागराज) से नगद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- समीर कश्यप (24 वर्ष)
- सियाराम कश्यप (25 वर्ष)
- विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष)
- लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष)
- रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष)
पुलिस की अपील
एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

