रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता गौरीशंकर अग्रवाल को पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने का अनुरोध करना था।
गौरीशंकर अग्रवाल के नाम को प्राथमिकता देने का आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि गौरीशंकर अग्रवाल कसडोल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वे लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं तथा सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्रों में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि अग्रवाल समाज राज्य की एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं आर्थिक शक्ति है। यदि गौरीशंकर अग्रवाल को राज्यसभा भेजा जाता है तो वे समाज की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ समरसता और समावेशी विकास को बढ़ावा देंगे।
केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए पैनल में नाम शामिल
प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए पैनल में गौरीशंकर अग्रवाल के नाम को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना था कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों में सकारात्मक संदेश जाएगा और संगठनात्मक मजबूती भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उचित विचार-विमर्श का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि नाम पैनल में अग्रेषित किया जा चुका है और अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
मुलाकात में डॉ. अशोक अग्रवाल, दीनदयाल गोयल, सत्यनारायण सिंघानिया, संजय जैन, डॉ. मोहनलाल अग्रवाल, डॉ. अनीता अग्रवाल, राधेश्याम बंका, हरिकेश पालीवाल, रघुवीर प्रसाद अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, अमित पालीवाल, पुरुषोत्तम सिंघानिया, शिव सिंघानिया और गोविंद अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
अग्रवाल समाज की ओर से दीनदयाल गोयल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह पहल सकारात्मक परिणाम देगी।

