रायपुर। होली का त्योहार इस बार रायपुर में शराब प्रेमियों के लिए जश्न का बड़ा मौका बन गया। होली के दौरान महज चार दिनों में रायपुर जिले में 58 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब की बिक्री दर्ज की गई। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 91 लाख रुपए अधिक है।
होली खत्म होने के बाद आबकारी विभाग ने जिले में हुई शराब बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। यह आंकड़ा होली से तीन दिन पहले और एक दिन बाद की बिक्री को मिलाकर तैयार किया गया है।
होली के पहले सबसे ज्यादा शराब की खरीदारी
आंकड़ों के अनुसार, लोगों ने होली के पहले ही शराब का भरपूर स्टॉक कर लिया था।
- 1 मार्च: 12 करोड़ 11 लाख रुपए की शराब बिक्री
- 2 मार्च: 15 करोड़ 94 लाख रुपए की बिक्री
- 3 मार्च (होली से एक दिन पहले): 21 करोड़ 73 लाख रुपए की बिक्री
- 5 मार्च (होली के बाद): 8 करोड़ 31 लाख रुपए की बिक्री
4 मार्च को होली के दिन ड्राई डे होने के कारण शराब दुकानें बंद रहीं। हालांकि, होली के अगले दिन भी लोगों में त्योहार का उत्साह बना रहा और अच्छी खासी बिक्री हुई।
पिछले साल से ज्यादा रही बिक्री
आबकारी विभाग के मुताबिक इस बार होली के दौरान शराब बिक्री में पिछले साल की तुलना में करीब 30.3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि होली के बाद और अगले दो दिनों में बिक्री में हल्की कमी देखी गई, जो अधिकतम 5.6 प्रतिशत रही।
देशी शराब की मांग घटी, विदेशी शराब की बढ़ी
आंकड़ों से यह भी साफ हुआ है कि अब लोगों की पसंद बदल रही है।
- देशी शराब की बिक्री में कमी दर्ज की गई।
- वहीं विदेशी शराब और स्प्रिट की मांग तेजी से बढ़ी।
- विदेशी स्प्रिट की बिक्री में करीब 60 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई।
आबकारी विभाग का मानना है कि त्योहारों के दौरान अब लोग मध्यम और प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

