बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक किसान के बाड़े में लगी भीषण आग से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर तीन ट्रैक्टर और एक कार पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र के खेरुद गांव की है। शुक्रवार देर रात किसान राजेश यदु के बाड़े में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां खड़े वाहन इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों ट्रैक्टर और कार पूरी तरह जल चुके थे। इस हादसे में किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही गुंडरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब बाड़े में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस शॉर्ट सर्किट, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से आग लगने की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

