जगदलपुर। बस्तर जिले में रंगपंचमी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक मामूली शक के चलते दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना नगरनार थाना क्षेत्र के कलचा गांव की है, जहां होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार सालगुड़ गांव के दो युवक रोहित और उमेश कलचा गांव में आयोजित पारंपरिक होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
लड़की को रंग लगाने के शक से शुरू हुआ विवाद
कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों को शक हुआ कि दोनों ने उनकी प्रेमिका को रंग लगा दिया है। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
चाकू से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर ही मौत
आरोप है कि कलचा गांव के चार युवकों ने मिलकर दोनों को घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान रोहित और उमेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इलाके में दहशत का माहौल
रंगों के त्योहार से ठीक पहले हुए इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

