रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग महिला से सोने की माला छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सोने की माला और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी सहित कुल 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
बातचीत में उलझाकर छीनी सोने की माला
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकली थीं।
दोनों सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर किसी हादसे के संबंध में पूछताछ करने लगे।
आरोपियों ने आधार कार्ड दिखाने को कहा और इसी दौरान एक आरोपी ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला झपट ली, जिसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।
लाल स्कूटी से आए थे आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर नाकेबंदी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़िता से आरोपियों के हुलिए और स्कूटी की जानकारी लेकर लाल रंग की स्कूटी की तलाश शुरू की गई।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
इसके बाद पुलिस ने नवागढ़ राजापारा निवासी चमार सिंह यादव (55) और मधुबन पारा निवासी रामकुमार नायक (40) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
1.35 लाख की संपत्ति बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 85 हजार रुपये कीमत की सोने की माला और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की।
कुल मिलाकर 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

