खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद को लेकर गांव के ही तीन युवकों पर महिला के साथ मारपीट करने और गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी पीड़ित महिला ने थाना गातापार में शिकायत दर्ज कराई है कि 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर में स्थित किराना दुकान में बैठी हुई थी।
इसी दौरान गांव के ही मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा नशे की हालत में जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे।
मारपीट में महिला को आई गंभीर चोट
शिकायत के अनुसार तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपी के हाथ में चाकू भी था और उसने हमला करने की कोशिश की, जिससे महिला के दाहिने हाथ में गहरी चोट आई।
इसके अलावा आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से भी मारपीट की, जिससे महिला के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।
बेटी के साथ भी मारपीट का आरोप
घटना के दौरान जब पीड़िता की बड़ी बेटी बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि उसे कमरे में घसीटकर उसके साथ बदसलूकी की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में पुलिस ने मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा निवासी ग्राम सांकरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 333 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

