दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को बड़ा खुलासा मिला है। जांच में पता चला कि घटना में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए मंगाया गया था। इस मामले में पुलिस ने Meesho से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
पुरानी रंजिश में किया था हमला
पुलिस के अनुसार बोरसी निवासी श्रीमती सुमन मारकण्डे ने 16 फरवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
ऑनलाइन ऑर्डर से मंगाया गया हथियार
मामले की आगे की जांच में आरोपी के मेमोरेण्डम बयान और डिजिटल साक्ष्यों से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
जांच में पता चला कि घटना में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था।
पुलिस के अनुसार यह ऑर्डर 14 सितंबर 2025 को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया गया था, जिसकी बाद में डिलीवरी भी कर दी गई थी।
Meesho के एरिया मैनेजर और डिलीवरी मैनेजर गिरफ्तार
इस खुलासे के बाद पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी के
- एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक
- डिलीवरी मैनेजर विवेक वर्मा उर्फ विकु
को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया।
पूछताछ के दौरान दोनों कर्मचारियों द्वारा प्रतिबंधित हथियार की सप्लाई से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- लोकोप्रियो बानिक (26) – निवासी असम, एरिया मैनेजर
- विवेक वर्मा उर्फ विकु (26) – निवासी दुर्ग, डिलीवरी मैनेजर
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस जांच में पाया गया कि प्रतिबंधित धारदार हथियार की सप्लाई आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3), 5 और 7 का उल्लंघन है।
पुलिस ने मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध वस्तुओं की खरीद-फरोख्त न करें।
ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

