रायपुर। राजधानी रायपुर में बस चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाठागांव स्थित नए बस स्टैंड से एक युवक ने मौका पाकर करीब 10 लाख रुपये की बस चुरा ली, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और CCTV कैमरों की मदद से आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
ड्राइवर चाबी सीट के नीचे छोड़कर गया था घर
डुमतराई निवासी बस ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अब्दुल अलीम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बस CG 07 E 0782 को 6 मार्च 2026 की शाम चालक ने नया बस स्टैंड भाठागांव में खड़ा किया था।
बस चालक चाबी ड्राइवर सीट के नीचे रखकर घर चला गया।
अगली सुबह जब चालक बस लेने पहुंचा तो बस वहां से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बस का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद टिकरापारा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
हजारों CCTV फुटेज खंगालकर मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
पुलिस ने
- बस स्टैंड और आसपास के हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले
- दुकानदारों और कर्मचारियों से पूछताछ की
जांच में सामने आया कि एक युवक खुद बस चलाकर वहां से ले गया था।
FASTag से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने बस में लगे FASTag के जरिए विभिन्न टोल प्लाजा से बस की आवाजाही की जानकारी जुटाई।
तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू (24) निवासी गेवरा बस्ती, जिला कोरबा के रूप में हुई।
जांजगीर-चांपा से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तरौंद में छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भाठागांव बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता था और बसों की गतिविधियों से अच्छी तरह परिचित था।
उसने देखा कि बस में कोई नहीं है और चाबी सीट के नीचे रखी हुई है, जिसके बाद उसने बस स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया।
10 लाख की बस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बस CG 07 E 0782 बरामद कर ली है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


