रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के आशीर्वाद भवन में आयोजित कान्यकुब्ज शिक्षा मंडल के होली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।
गौधाम योजना से मिलेगा बेसहारा गौवंश को आश्रय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इसी कड़ी में गौधाम योजना की शुरुआत की गई है।
इस योजना के तहत प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहां बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा।
उन्होंने बताया कि शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे। इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी उत्पाद बनाने के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
रामलला दर्शन योजना से 42 हजार श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से विशेष संबंध है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है।
उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं।
बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने “बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026” शुरू की है। इस योजना के तहत 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता मोर बिजली ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के पदाधिकारियों और आयोजकों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, पत्रकार शिरीष मिश्रा, राजेश मिश्रा, अरविंद अवस्थी, मोहन तिवारी, गौरव शर्मा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

