रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठन और मेडिकल छात्राओं ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की दो सीटें मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार लगातार प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है, ताकि प्रदेशवासियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जिसमें लगभग 100 से 150 सीटें ही उपलब्ध थीं।
आज छत्तीसगढ़ में 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जहां करीब 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना भी की गई है, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नवा रायपुर में मेडिको सिटी की स्थापना की जा रही है, जहां बड़े-बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल स्थापित होंगे। इससे प्रदेश के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की दो सीटें प्रदान किए जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप सहित जूडो और मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

