खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से सोमवार शाम एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है। क्षेत्र में स्थित पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के उदयपुर पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो CAF की 6वीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पैलेस में सुरक्षा के लिए जवानों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। सोमवार शाम अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिसर में मौजूद जवान और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां कृपाचंद सोनवानी खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानसिक तनाव की आशंका
साथी जवानों के अनुसार, कृपाचंद सोनवानी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि उस समय इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया।
छुट्टी से लौटने के अगले दिन उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक, जवान एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह कदम उठाया।
हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जवान के साथियों व परिजनों से पूछताछ जारी है।

