कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुल्हन को लेकर लौट रहा एक वाहन हादसे का शिकार हो गया। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में टेम्पो-ट्रेरेक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
शादी के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम कसरेंगा से दादर खुर्द लौटते समय हुआ। वाहन में दुल्हन समेत दूल्हा पक्ष के करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि शादी के बाद किसी विवाद के चलते सभी लोग दुल्हन को लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
एक बच्ची की मौत, कई घायल
इस दर्दनाक हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का बांकीमोंगरा अस्पताल में इलाज जारी है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

