महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खल्लारी माता मंदिर की पहाड़ी पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रोपवे अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
200-300 फीट ऊंचाई से गिरा रोपवे
यह घटना खल्लारी थाना क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोपवे करीब 200 से 300 फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक उसका तार टूट गया और केबिन नीचे गिर गया।
13 श्रद्धालु थे सवार
हादसे के समय आने-जाने वाले दोनों रोपवे में करीब 13 लोग सवार थे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
गंभीर घायलों को किया जा सकता है रेफर
डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जांच के दिए गए आदेश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए और घटना की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

