रायपुर/कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की प्रगति और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में निर्माण एजेंसी, सीजीएमएससी और जिला अस्पताल के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण तय समय सीमा में पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एकेडमिक बिल्डिंग का निर्माण 31 मई 2027 तक और अन्य सभी भवनों का कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इन भवनों का होगा निर्माण
निर्देशों के अनुसार ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल, इंटर्न्स मेस, डीन और एमएस के आवास, लैब सहित अन्य आवश्यक भवनों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।
15 दिन में कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि निर्माण कार्य को तेज गति दी जा सके।
हर 15 दिन में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर शुक्रवार को होगा निरीक्षण
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को हर शुक्रवार निर्माण स्थल का निरीक्षण करने को कहा गया है।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

