जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक रिटायर्ड आर्मी हवलदार ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहा था। इसका विरोध करने पर दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास और शैलेंद्र के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास मौके पर पहुंचा और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी।
गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलशन श्रीवास आर्मी के सिग्नल कोर से रिटायर्ड हवलदार है। फिलहाल उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

