रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
🗿 वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें नमन किया।
उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर अपना बलिदान दिया, जो आज भी प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं रानी दुर्गावती के साहस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुगलों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय वीरगति प्राप्त कर स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण पेश किया।
👥 कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, उपाध्यक्ष पवन साहू, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

