बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पतंग उड़ाते समय 7 वर्षीय मासूम की छत से गिरकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे नेवारीकला गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक हर्ष कुमार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल न जाकर अपने एक साथी के साथ वासुदेव सोनकर के घर की छत पर पतंग उड़ाने चला गया।
पतंग उड़ाने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दो मंजिला छत से नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा में कमी तो नहीं थी। वहीं, इस हादसे से मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।

